प्यार की सजा : युवती को सरेआम नंगा कर पेड़ से बांधा

सराड़ा। राजस्थान के उदयपुर जिले में रविवार को एक शर्मसार कर देने वाले घटनाक्रम में युवती को उसके प्रेमी के साथ उसे पूरे गांव के सामने निर्वस्त कर पीटा गया एवं पुलिस के सामने नंगा कर पेड़ से बांधा दिया गया। युवती की इज्जत की धçज्जयां उड़ानें वाली यह घटना जिले के सराड़ा थाना क्षेत्र स्थित कारोली फला की हैं। इतना ही नहीं जब मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को छुड़ाने का प्रयास किया तो गांववालों ने पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस को अतिरिक्त जाप्ता मंगवाना पड़ा और नौबत लाठीचार्ज और हवाई फायर तक पहुंच गई। बाद में समझाइश के बाद पुलिस ने बंधक युवक-युवती को वहां से मुक्त कराया।
ग्रामीणों के अनुसार युवती विवाहित है और उस पर गांव के ही एक युवक के साथ भागने का आरोप है। दोनों में प्रेम संबंध बताया गया है। पाल सराड़ा गांव के काराकोली फला निवासी प्रकाश पुत्र भीमजी मीणा अपनी पड़ोसी विवाहिता को लेकर पन्द्रह दिन पूर्व भाग गया था।ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन की और दोनों को खेरवाड़ा के निकट पकड़ कर पुन: गांव में लाए। इसके बाद युवती के बाल काट और उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया। प्रेमी को भी अलग पेड़ से बांध दिया और दोनों की पिटाई की गयी ।
सूचना पर सराड़ा थाने से प्रशिक्षु महेश कुमार मय जाप्ता लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों को बंधन मुक्त करने का प्रयास किया तो ग्रामीण भड़क गए। बाद में थानाघिकारी शिवप्रकाश टेलर अतिरिक्त जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से सख्ती से पेश आए, कथित प्रेमी युगल को जीप में बिठा लिया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और फायरिंग की चेतावनी दी। बिगड़ते हालात देख मौके पर पहुंचे डिप्टी कैलाशदान जुगावत ने मध्यस्थता कर ग्रामीणों को वार्ता के लिए तैयार किया। इसके बाद गांव के रास्ते खुलवाए गए और कथित प्रेमी युगल को थाने ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष से बात कर मामले की जानकारी दी और समझौते के प्रयास किए। देर तक ग्रामीणों, पुलिस और अन्य पक्षों के बीच वार्ता जारी थी।








