अब इस दुनिया में नहीं है भंवरी देवी: सीबीआई
जयपुर। राजस्थान में सियासी भूचाल मचाने वाली मॉडल से नर्स बनी भंवरी देवी के लापता होने के मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। अब तक की जांच के बाद सीबीआई को पता चला है कि भंवरी देवी अब इस दुनिया नहीं
है और उसकी हत्या की जा चुकी है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने सीबीआई को इस बाबत बयान भी दिया है। आरोपी के इस बयान के बाद भंवरी देवी केस भी मेरठ की कविता चौधरी कांड की राह पर चल पड़ा है। सीबीआई अब इस मामले में धारा 164 के तहत एक आरोपी के बयान कराने पर विचार कर रही है। सीबीआई इस मामले में एक महत्वपूर्ण आरोपी को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार कर सकती है और उसके बाद इस मामले में वीआईपी इंवॉलमेंट की छानबीन करेगी।
आगे की बात करने से पहले आपको बताते दें कि यूपी के एक मंत्री के साथ अश्लील सीडी मामले में मेरठ के एक विवि की व्याख्याता कविता चौधरी का 23 अक्टूबर 2006 को अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। उसका शव बुलंदशहर की सोनाटा नदी में फेंका दिया गया था। सीबीआई ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका था। बाद में न्यायालय ने तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
मालूम हो कि 1 सितंबर को भंवरी देवी रहस्रूमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उसके बाद से इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। इधर दो दिन बाद सीबीआई को हाईकोर्ट में इस मामले की रिपोर्ट पेश करनी है। सीबीआई की विशेष टीम गत 11 अक्टूबर से मामले की जांच में जुटी है। सौ से अधिक लोगों से पूछताछ कर ली गई है। इतने लोगों के पूछताछ के बावजूद मामले में किसी तरह का निचोड़ निकाल पाना सीबीआई के बूते से बाहर होता जा रहा है।








