ऑस्ट्रेलिया ने पाक छात्र को दिया देश निकाला
मेलबर्न में पढ़ाई कर रहे एक पाकिस्तानी छात्र से उसके देश में की गयी संदिग्ध फोन कॉल के बारे में पूछताछ के बाद उसे सुरक्षा आधार पर पाकिस्तान वापस भेज दिया गया। ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षा खुफिया अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। द ऑस्ट्रेलियन अखबार ने आव्रजन विभाग के हवाले से बताया कि 23 वर्षीय सलमान घुम्मन को पाकिस्तान भेज दिया गया है।
अखबार के मुताबिक घुम्मन को आव्रजन अधिकारियों ने पिछले महीने हिरासत में लिया था। इससे पहले पाकिस्तान को किये गये संदिग्ध फोन कॉल के बारे में और ऑस्ट्रेलिया में उसके रहने के कारणों के बारे में ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफिया संगठन के अधिकारियों ने काफी दिन पूछताछ की। उसके पिता मंजूर हुसैन घुम्मन पाकिस्तानी वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं।
अखबार ने उनके हवाले से बताया कि परिवार उनके बेटे को लेकर चिंतित है और उन्हें इस बात की फिक्र है कि कहीं पाकिस्तानी सुरक्षा सेवाएं उसे हिरासत में लेकर पूछताछ नहीं करें। मंजूर हुसैन ने आशंका जताई कि उनके बेटे को गलत तरह से निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उनके परिवार ने प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा को चंदा दिया था। जिसे आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए धन उगाहने वाला समूह माना जाता है।
घुम्मन मेलबर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी में पढ़ाई के लिए जुलाई, 2010 में ऑस्ट्रेलिया पहुंचा था। उसने खुद को शमर्नाक स्थिति में बताते हुए कहा कि वह अपना नाम साफ-सुथरा साबित होने के लिए पुरजोर कोशिश करेगा और पढ़ाई पूरी करने के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटना चाहता है।








